पैलानी डेरा। बिजली कटौती और लो-वोल्टेज को लेकर आधा दर्जन गांवों के सैकड़ों किसानों ने सब स्टेशन में ताला जड़कर कर्मचारियों को कैद कर दिया। धरना-प्रदर्शन कर नारे लगाए। चेतावनी दी कि शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधरी तो बांदा में चक्का जाम होगा।
बुधवार को पैलानी डेरा सहित जसपुरा, सिकहुला, रामपुर, गड़रिया, गौरी आदि गांवों के सैकड़ों किसानों ने जसपुरा पावर हाउस का घेराव किया। मुख्य गेट पर ताला डालकर बिजली कर्मियों का आवागमन ठप कर दिया। विधायक दलजीत सिंह व उप जिलाधिकारी आरके श्रीवास्तव ने धरना स्थल आकर किसानों को समझाया और धरना खत्म कराया। किसानों ने चेतावनी दी कि 15 दिन में बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो बांदा में उग्र आंदोलन होगा। प्रदर्शनकारियों में लालबाबू मिश्रा, चंद्रिका मिश्रा, डा.केवल सिंह, मुन्नू अवस्थी, बबलू सिंह, रवि सिंह परमार, राजा सिंह खेंगर आदि मौजूद रहे। ब्यूरो