बरेली। लोकसभा चुनाव के चलते बीएड प्रवेश परीक्षा की तारीख आगे बढ़ेगी। 11 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव है और इसी दिन बीएड प्रवेश परीक्षा प्रस्तावित है। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार को एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुलाई है। आवेदन फॉर्म और परीक्षा की तिथि को लेकर बैठक में निर्णय होगा। शासन से परीक्षा के लिए अगली तिथि मांगी जाएगी।
रविवार को लोकसभा चुनाव का ऐलान हो गया। सात चरणों में चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में ही चुनाव होंगे। बीएड प्रवेश परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो रही है। रविवार तक 3.5 लाख आवेदन हुए और 3.05 लाख ने फीस जमा की। परीक्षा 11 अप्रैल को प्रस्तावित है। रविवार को चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई। जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथि को लेकर मंथन करने लगा। चुनाव के दिन परीक्षा नहीं कराई जा सकती। परीक्षा प्रस्तावित तिथि से पहले करना भी संभव नहीं है। अब 11 अप्रैल के बाद ही परीक्षा कराने पर विचार किया जा रहा है। बीएड प्रवेश परीक्षा के स्टेट कोआर्डिनेटर प्रोफेसर बीआर कुकरेती ने बताया कि लोकसभा चुनाव के चलते तिथि आगे बढ़ानी पड़ेगी। सोमवार को बैठक में इसका फैसला लिया जाएगा। शासन से दूसरी तिथि मांगी जाएगी। आवेदन की तिथि बढ़ाई जाए या नहीं.. इसपर भी सोमवार को फैसला किया जाएगा।
विवि की मुख्य परीक्षा का एक पेपर भी हट सकता है
बीएड प्रवेश परीक्षा के साथ विश्वविद्यालय की परीक्षा भी हटानी पड़ सकती है। 11 अप्रैल को चुनाव है और इसी दिन सुबह की पाली में बीए प्रथम फिजिकल एजुकेशन और शाम की पाली में बीए व बीएससी अर्थशास्त्र द्वितीय की परीक्षा है।