बरेली। अब महंगाई रोकने के लिए हर जिले को अतिरिक्त गेहूं आवंटित होगा। खाद्य विभाग ने सभी जिलों से एपीएल कार्डधारकों का ब्योरा तलब किया गया है। इस काम में आपूर्ति विभाग को लगाया गया है। बताया जा रहा है कि अगले महीने से दोगुना कोटा हो जाएगा।
केंद्र सरकार जमाखोरों और महंगाई से निपटने के लिए गरीबी रेखा से ऊपर जीवन यापन करने वाले लोगों को सस्ता गेहूं उपलब्ध कराएगी। इसके तहत एपीएल श्रेणी राशन कार्ड धारकों का चिन्हीकरण किया जा रहा है। एपीएल कार्ड धारकों को अभी तक सिर्फ पांच किलो प्रति माह गेहूं देने का प्राविधान है, अब उन्हें दोगुना गेहूं देने की तैयारी है। इसके तहत केंद्र ने भारतीय खाद्य निगम से अतिरिक्त गेहूं कोटा आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि अतिरिक्त कोटा अगले माह बरेली समेत सभी जिलोें में पहुंच जाएगा। इसे अगस्त सितंबर में एपीएल कार्डधारकों को दिया जाएगा।
पिछले दिनों महंगाई पर लगाम लगाने के लिए एफसीआई ने खुले बाजार में पचास लाख मे.टन गेहूं खुले बाजार में उतारने की योजना बनायी थी। इसका सीधा लाभ आम जनता को नहीं मिल पाता, इसलिए योजना बदल दी गयी। इसके तहत अब सीधे राशनकार्ड धारकों को अतिरिक्त गेहूं देने की योजना है। खाद्य विभाग से सभी जिलों से अतिरिक्त डिमांड जुटाना शुरू कर दी गई है, जिससे अगस्त में भारत सरकार से अतिरिक्त गेहूं मिल सके।
खाद्य विभाग अभी एपीएल कार्ड पर पांच किलो गेहूं देता है, लेकिन अतिरिक्त कोटा आने से मात्रा दोगुनी यानि दस किलो गेहूं मिलेगा। आपूर्ति विभाग इसे 6.60 रुपये प्रति किलो दर से एपीएल कार्ड धारकों को देगा। बरेली मंडल में 7500 मे.टन अतिरिक्त गेहूं आएगा। बीपीएल और अन्त्योदय श्रेणी में 35 किलो खाद्यान्न माह दिया जाता है। इस श्रेणी खाद्यान्न मात्रा यथावत रहेगी।
इन्फो
----
जिले में कार्डधारक
एपीएल 7,60,284
बीपीएल 1,60,922
अन्त्योदय 99,687
हर माह गेहूं वितरण 7130 मे.टन
प्रस्तावित हर माह अतिरिक्त आवंटन 3221 मे.टन
‘बरेली मंडल में एपीएल को अतिरिक्त गेहूं आवंटित होना है। इसलिए राज्य भंडारण निगम गोदामों में गेहूं उतारने के लिए तैयार है। मंडल में 7500 मे.टन अतिरिक्त कोटा मिलने की जानकारी मिली है।’
- एएम खान, क्षेत्रीय प्रबंधक, एसडब्लूसी