बस्ती। अमहट के नए पुल से ठीक पहले बुधवार की सुबह सवा आठ बजे के करीब बस्ती शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद पलट गई। हालांकि बस पलटने के बाद भी बस में सवार बच्चे बाल बाल बच गए लेकिन, इस दुर्घटना में बस में सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक और क्लीनर को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
शहर के सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल की बस बुधवार को नगर थाना क्षेत्र में बच्चों को लाने गई थी। वापसी के दौरान भेलवल गांव निवासी एक मजदूर बीपत (50) पुत्र बुद्धू भी उसमें सवार हो गया। 35 बच्चों को लेकर बस अभी फुटहिया चौराहे से बस्ती की ओर आगे बढ़ी ही थी कि घने कुहरे के कारण नए अमहट पुल से पहले सड़क किनारे खड़े आटा लदे एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक का पहिया पंक्चर हो जाने के कारण चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर उसका पहिया खोल रहा था, इसी बीच स्कूल बस टकरा गई। बस के टकराते ही उसका आगे का शीशा टूट गया और बस में आगे बैठे मजदूर बीपत आगे की ओर गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बस के चालक संदीप सिंह निवासी लक्ष्मनपुर जंगल कौड़िया गोंडा और क्लीनर मातेश्वर सिंह निवासी जामडीह कोतवाली बस्ती गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। इस हादसे में बस में सवार सभी बच्चे बाल बाल बच गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अभिभावक अपने बच्चों को लेकर घर चले गए।