नजीबाबाद। आर्य कन्या इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता और अखंडता दिवस मनाया । छात्राओं ने जलालाबाद पहुंचकर ऊर्जा संरक्षण के प्रति जन-जन को जागरूक किया। इसमें आयोजित भाषण में संगीता, निबंध में जिज्ञासा और नारा स्पर्धा में नेहा अव्वल रही।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संतोष गुप्ता ने कहा कि लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। प्रधानाचार्य ने दोनों ही महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी। इस मौके पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में संगीता, सबा परवीन और अंजलि जोशी, निबंध प्रतियोगिता में जिज्ञासा, सिहित और दीक्षा, नारा प्रतियोगिता में नेहा, यासिका और साक्षी आर्य ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में नेहा रानी ने प्रथम, रूबी और सर्वेश ने द्वितीय और प्रिया मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने विजेता प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता दिवस पर कार्यक्रम के बाद छात्राओं ने जलालाबाद पहुंचकर ऊर्जा संभावनाएं, उपयोग और संरक्षण के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया। छात्राओं ने सौर ऊर्जा के संसाधनों को इस्तेमाल करने की सलाह दी। शिक्षिका वंदना गुप्ता और रश्मि गुप्ता के निर्देशन में जन जागरूकता अभियान में पूर्णिमा, प्रियंका, जसप्रीत, जैनब, प्रियंका मलिक आदि शामिल रहीं।