अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। सर्दी आते ही चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए शहर के कालेज बाउंड्री के अंदर से सेंधमारी कर बीज की दुकान से आठ लाख नगदी व अन्य कीमती सामग्री ले उड़े। चोर कुछ कृषि उपकरण भी साथ ले गए है। जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। कालेज के अंदर से आए चोरों को पकड़ने के लिए कुछ लोगों से पूछताछ की है।
शहर के कलक्ट्रेट मार्ग चित्रकूट इंटर कालेज के हास्टल से जुड़ी खाद बीज की दुकान मालिक बघौडा निवासी रमाशंकर शुक्ला ने बताया कि उनका पुत्र रितेश सोमवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो आलमारी का लॉक खुला व डिब्बे बिखरे पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो काफी सामग्री तितर-बितर है और पीछे की दीवार में बड़ा छेद है। इसकी जानकारी होते ही दुकानदार ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाल अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। कालेज के अंदर से जुड़ी बाउंड्रीवाल को देखने पहुंचे तो वहां पर खाद बीज के कई पैकेट पड़े थे। दीवार में सेंधमारी कर चोरी की गई थी।
विज्ञापन
दुकानदार ने दावा किया कि शनिवार व रविवार को बैंक बंद होने के कारण नगद धनराशि जमा नहीं कर पाए थे। दुकान में लगभग आठ लाख रुपये नगद रखा था। चोर पूरा रुपया ले गए हैं और कुछ कृषि यंत्र भी साथ ले गए। जबकि खाद बीज के पैकेट भी बाहर तक लाए लेकिन उसे वहीं छोड़कर भाग गए। कोतवाल ने बताया कि दुकान में इतना नगद रुपया रखना संदेह जता रहा है। दुकानदार को एक बैंक से कुछ ऋण भी है और दुकान का बीमा भी है। सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर चोराें को जल्द पकड़ा जाएगा।