चित्रकूट। जिलाधिकारी डा. बलकार सिंह ने कहा है कि जो बूथ लेबिल आफीसर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं उन पर कार्रवाई कर काम से बाहर कर दिया जाए। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता पुनरीक्षण काम और आधार कार्ड की समीक्षा कर रहे थे।
जिलाधिकारी को उप जिलाधिकारी कर्वी और मऊ ने बताया कि मतदाता सूची में फोटो की अनुपलब्धता शून्य है। उन्होंने डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या के संबंध में निर्देश दिया कि यह काम दो दिन के अंदर पूरा कर लिया जाए। उन्होंने विभिन्न बातों में सुधार की बात भी कही। जिलाधिकारी को जानकारी दी गई कि निरंतर पुनरीक्षण में कुल की गई फीडिंग में चित्रकूट विस क्षेत्र में प्रारूप छह में 2509, प्रारूप 7 में 1487, प्रारूप 8 में 784 तथा मानिकपुर विस क्षेत्र में प्रारूप छह में 1145, प्रारूप सात में 540 और व प्रारूप 8 में 208 लोगों की फीडिंग की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि निरंतर पुनरीक्षण कार्य के दौरान प्रारूप 6 में महिलाओं को बढ़ाने का काम किया जाए। बीएलओ की शीघ्र बैठक बुलाकर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं जिन लोगों के ईपिक नंबर गलत हो गए हैं उनको संशोधित किया जाए। शत प्रतिशत सूचियों में फोटोग्राफ्स होनी चाहिए। उन्होंने एसडीएम कर्वी और मऊ से इस काम को देखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आधार कार्ड बनाने वाली संस्थाओं को निर्देश दिया कि जहां भी शिविर लगाए जाएं उसकी सूचना का पहले से प्रचार प्रसार कर दें। आधार कार्ड बनाते समय नाम-पता गलत दर्ज नहीं होना चाहिए। इस संबंध में अपर उप जिलाधिकारी सीपी उपाध्याय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी प्रगणकों को प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी केशवदास भी मौजूद रहे।