मारहरा । मारहरा क्षेत्र के ग्राम त्रिलोकपुर में एक माह पूर्व बिजली के दो पोल टूट जाने के कारण आधा दर्जन निजी नलकूप बंद पड़े हैं। इससे सैकड़ों बीघा जमीन में पानी नहीं लग पाने से किसानों में रोष है। वहीं, शिकायत के बाद भी विभाग ने पोलों को बदलवाया नहीं है। ग्राम त्रिलोकपुर में एक माह पूर्व दो विद्युत पोल टूट गए थे। इसके चलते आधा दर्जन विद्युत नलकूप बंद पडे़ हैं, जिससे गेहूं की फसल में पानी नहीं लग पा रहा है। निजी नलकूप स्वामियों ने बताया कि एक माह से वह प्रतिदिन विद्युत उपकेंद्र मारहरा के चक्कर लगा-लगाकर थक गए हैं, लेकिन अभी तक इन्हें बदलवाया गया नहीं है। निजी नलकूप स्वामी मोती, दुष्यंत कुमार, सोनपाल शर्मा, रघुराज सिंह, भजन सिंह, जोरावर सिंह आदि ने डीएम से टूटे दोनों पोलों को बदलवाकर सप्लाई नियमित दिलाए जाने की मांग की है।