अलीगंज। क्षेत्र के एक गांव में खेत पर गई किशोरी के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की और उसे बंधक बना लिया। किसी तरह युवकों के चंगुल से छूटने के बाद किशोरी ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मामले की रिपोर्ट अलीगंज थाना में दर्ज कराई गई है।
लाख प्रयासों के बाद भी महिला और युवतियों के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म जैसी आदि घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। अलीगंज क्षेत्र के एक गांव की किशोरी शनिवार की देर शाम खेत पर शौच के लिए गई थी। उसी दौरान अजय उर्फ लटूरी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसे रास्ते में घेर लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे घर में बंधक बना लिया। किसी तरह युवकों के चंगुल से छूटी किशोरी ने घर पहुंच अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने मामले की शिकायत युवकों से की तो वे जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली गलौज करने लगे। बाद में परिजनों ने दोनों युवकों के खिलाफ अलीगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।