एटा। क्रांतिकारी राष्ट्र संत जैन मुनि तरुण सागर महाराज ने कहा कि देश से भ्रष्टाचार मिटाना है तो जितने भी भ्रष्ट नेता हैं उन सभी का निर्यात कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तो देश की तस्वीर और देशवासियों की तकदीर बदलेगी।
यहां गुरुवार की दोपहर जीटी रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे जैन मुनि पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया में बुराइयां हैं। अच्छे लोग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। अच्छे लोग एकांतवासी होकर अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए बुरे लोगों के लिए कुर्सी खाली कर देते हैं। याद रखें कुर्सी खाली नहीं रहती। अच्छे लोग यदि इस पर नहीं बैठेंगे तो आज जो देश के हालत हैं। ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि श्मशान गांव के बाहर नहीं शहर के बीच चौराहे पर होना चाहिए। उस जगह पर होना चाहिए, जहां से हम 10 बार गुजरते हैं। जब-जब हम गुजरें तो जलती हुई चिताएं देखें। इससे अहसास हो कि देर-सवेर हमें भी यहीं पर आना है। यह कार्य होने से दुनिया में 50 फीसदी पाप स्वत: ही समाप्त हो जाएंगे। जैन मुनि ने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारित नहीं बनाया गया तो आने वाले समय में समाज पर खतरे के बादल मंडराएंगे।
कड़वे प्रवचन क्या हैं? इस सवाल के जवाब में जैन मुनि ने कहा कि रामजी, कृष्णजी व भगवान महावीर स्वामी यह बताते हैं कि तुम क्या हो यह कड़वे प्रवचन हैं। वहीं राम, महावीर की कथा मीठे प्रवचन हैं। उन्होंने कहा कि जो संत धर्म की आड़ में गोरखधंधा कर रहे हैं उससे धर्म बदनाम हो रहा है। इस पर अंकुश लगना चाहिए।