मौदहा (हमीरपुर)। दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन की परंपरा के तहत कसबे की मंडी समिति परिसर में सेवानिवृत्त सैनिकों ने शस्त्र पूजन का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया। वहीं कसबे के एक मात्र शहीद स्मारक के जीर्णोद्धार में नगर पालिका परिषद द्वारा तवज्जो न देने पर रोष व्यक्त किया गया।
कसबे के नेशनल इंटर कालेज के सेवानिवृत्त मेजर परशुराम श्रीवास की अध्यक्षता में भूतपूर्व सैनिकों के संगठन द्वारा शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी ने अपने-अपने शस्त्रों की सफाई कर उन्हें रखा। इसी के साथ पंडित जी द्वारा शस्त्र पूजन कार्यक्रम शुरू किया गया। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष राजबहादुर, रज्जन प्रसाद, भगवानदीन, बृजलाल इत्यादि मौजूद रहे। सैनिकों को इस बात पर मलाल था कि कसबे में शहीद स्मारक के आसपास निर्माण कार्य तो नगर पालिका करा रही है। लेकिन आजादी के दीवानाें के नाम पर बने शहीद स्मारक के जीर्णोद्धार व रंगाई-पुताई पर पालिका का कोई ध्यान नहीं गया।