भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। मनरेगा के तहत क्षेत्र पंचायत से बीते वर्ष हुए विकास कार्यों को फिर से खंगाला जा रहा है। इन कार्यों की गुणवत्ता परखी जा रही है। इस दौरान कई जगह खामियां भी सामने आईं। इसको लेकर शुक्रवार को एसडीएम सदर आशुतोष निरंजन ने पांच गांवों में बनाए गए नाली, खडंजा, पुलिया निर्माण व संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया। इन कार्यों की तकनीकी जांच कर रहे लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने खुदाई कराने के बाद परखा।
जिलाधिकारी बी चंद्रकला के निर्देश पर सभी विकासखंडों में मनरेगा से क्षेत्र पंचायतों के कार्यों की जांच के लिए टीमें गठित की हैं। इसी के तहत एसडीएम विकासखंड के पचखुराखुर्द, चंदपुरवा, बिदोखरपुरई, बिदोखर मेंदनी व कलौलीतीर में कराए गए कार्यों का अवलोकन किया। साथ गई टीम में लोनिवि के अधिशासी अभियंता निर्दोष कुमार सुमन व अवर अभियंता ने निर्माण कार्यों को खुदाई कराकर जांच की। गौरतलब कि पचखुराखुर्द में 5.70 लाख से खडंजा, चंदपुरवा में 5 लाख से संपर्क मार्ग, बिदोखर मेंदनी से पलरा तक संपर्क मार्ग 2 लाख, बिदोखर पुरई में 9 लाख की लागत से सोलिंग के जरिए बनाए गए संपर्क मार्ग की जांच की। कलौलीतीर में साढ़े 5 लाख से बने नाला व खडंजा निर्माण का स्थलीय सत्यापन करते हुए नापजोख की गई। एसडीएम ने पचखुराखुर्द गांव की पुलिया की स्लैप की गिट्टियां दिखाई देने पर संबंधित अवर अभियंता को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जांच में गड़बड़ियां मिली हैं। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।