गन्ना घटतौली मामले में तौल लिपिक निलंबित
हापुड़। हाफिजपुर क्षेत्र के ग्राम मीरपुर कलां में गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ने की घटतौली के मामले पकड़ में आने पर मिल अधिकारियों ने तौल लिपिक को निलंबित कर दिया है। उससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। वहीं, जिला गन्ना अधिकारी ने चेतावनी दी है कि तौल में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शनिवार को ग्राम मीरपुर कला निवासी निरंकार सिंह बुग्गी में गन्ना लेकर तौल करवाने पहुंचे थे। इस दौरान शक होने पर ग्रामीणों ने कांटे की तौल कराई, जिस पर एक क्विंटल 40 पर किलो की घटतौली मिली थी। इस पर किसानों ने जमकर हंगामा करते हुए लिपिक को बंधक बना लिया था। हंगामे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची गन्ना विभाग और बांट माप विभाग की टीम ने भी जांच की तो घटतौली मिली थी। विभागीय टीम ने इस पर
इस मामले में सिंभावली चीनी मिल समूह का महाप्रबंधक (गन्ना) सुधीर कुमार ने तौल लिपिक राजीव कुमार को निलंबित कर दिया है और 48 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि नोटिस में चीनी मिल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तौल करने से पहले कांटे की जांच की जाए, लेकिन बिना कांटा चेक कराए तौल करा दी गई। उन्होंने दूसरे लिपिकों को भी चेतावनी दी है। तौल लिपिक के निलंबन से हड़कंप, किसानों को राहत
गन्ना क्रय केंद्र के तौल लिपिक को निलंबित किए जाने की खबर से अन्य गन्ना क्रय केद्रों पर तैनात तौल लिपिकों में हड़कंप मच गया है। आजकल क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल ऑनलाइन होने लगी है। ऐसे में अगर कोई तौल लिपिक गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा तो उसके पकड़ में आने की संभावना अधिक रहती है। यही कारण है कि मीरपुर कलां के गन्ना क्रय केंद्र पर तौल लिपिक ने गन्ना तौलने में की गई घटतौली को कांटे में तकनीकी गड़बड़ी बताकर मिल के अधिकारियों को गुमराह किया था। मगर, मिल के तकनीशियनों की टीम ने अपनी जो रिपोर्ट दी उसी के आधार पर लिपिक को निलंबित किया गया है। कुल मिलाकर उक्त लिपिक के खिलाफ कार्रवाई होने से अब दूसरे क्रय केंद्रों के लिपिक इस तरह की हरकत नहीं करेंगे। इससे किसानों को राहत मिलेगी।