हरदोई। गरीबों के लिए संचालित पेंशन योजना में एक नए पेंच ने लाभार्थियों से लेकर विभागीय अफसरों को परेशान करके रख दिया। रानी लक्ष्मीबाई गरीब पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए धनराशि स्वीकृत होकर मिल गई है, पर अब पेंशनरों की राशि सीबीएस व साधारण खातों के फेर में अटकी हुई है।
ऐसे गरीब व्यक्ति जिनको सरकार की ओर से किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल रहा, जबकि वह गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे व्यक्तियों को सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई गरीब पेंशन योजना के अंतर्गत प्रति छमाही 2400 रुपये की पेंशन राशि देना शुरू की है। ज्ञात हो कि वित्तीय वर्ष 13-14 के तहत गरीबों को पेंशन देने को सत्यापन कराया गया। सत्यापन पर जिले में कुल 51230 पात्रों को चिह्नित किया गया, जबकि 460 अपात्र व मृतकों को सूची से बाहर कर दिया गया। योजना के तहत अभी तक पात्रों को उनके साधारण बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित की जा रही थी, पर अब निदेशालय ने पात्रों को पेंशन उनके सीबीएस खातोें में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
ऐसे में सभी से सीबीएस खाते मांगे गए, पर अभी तक 17,930 लोगों ने ही सीबीएस खाते दिए हैं। जबकि शेष 33 हजार से ज्यादा पात्रों ने सीबीएस खाता नंबर नहीं दिया है। अब पात्रों को पेंशन देने को निदेशालय ने 12 करोड़ 95 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि मंजूर की है, जिससे सभी को पेंशन दी जानी है, पर विभागीय अधिकारी इस बात से असमंजस में हैं कि पेंशन की राशि सीबीएस खाते में भेजे या फिर साधारण खाते हैं। फिलहाल इस बाबत अभी निदेशालय से कोई निर्र्देश भी नहीं आया है। योजना की धनराशि पाने को 35 फीसदी लोगों ने सीबीएस खाता नंबर दे दिए हैं।
यदि निदेशालय से निर्देश आते हैं, तो इन पात्रों के खातों में धनराशि का स्थानांतरण कर दिया जाएगा, पर अब तो 17,930 लोगों के सापेक्ष कई के सीबीएस खातों का विवरण भी गलत है।
इंसेट---
‘रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना के तहत पात्रों को धनराशि सीबीएस खातों में दी जानी है या फिर साधारण खातों में इसका निर्धारण समाज कल्याण निदेशालय द्वारा किया जाएगा। निर्देशानुसार खातों में धनराशि स्थानांतरित कर दी जाएगी।’ एसएस श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी