कछौना (हरदोई)। लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी के इंजन में बुधवार को एक नीलगाय के फंस जाने से डाउन रूट करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। ऐसे में लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों को जहां तहां स्टेशनों पर रोक दिया। ऐसे में सियालदाह एक्सप्रेस भी बालामऊ जंक्शन पर डेढ़ घंटे तक खड़ी रही।
दलेलनगर स्टेशन के निकट बुधवार को एक मालगाड़ी की नीलगाय से टक्कर हो गई। बताया गया कि लखनऊ की ओर से डाउन रूट पर मालगाड़ी के साथ टक्कर के बाद नील गाय का शव इंजन में फंस कर ट्रैक पर घिसटने लगा। ऐसे में मालगाड़ी को वहीं पर रोक दिया गया। इंजन में नीलगाय के फंसने की सूचना गार्ड ने स्टेशन के अधिकारियों को दी। रेलवे अधिकारियों ने इंजन से नीलगाय के शव को निकालने का काम शुरू कर दिया। वहीं लखनऊ की ओर जा रही 13152 सियालदह एक्सप्रेस को बालामऊ स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं इलाहाबाद बरेली पैसेंजर ट्रेन भी बालामऊ जंक्शन के लूप लाइन पर रोक दी गई। जबकि 15610 गोहाटी एक्सप्रेस को भी बघौली में खड़ा कर दिया गया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद इंजन साफ किया गया और कमी सुधार कर ट्रेन रवाना की गई। जिसके बाद क्रमानुसार ट्रेनें भेजी गई। इस दौरान यात्रियों को बेहद परेशानियां उठानी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक जेएम मिश्रा ने कहा कि मालगाड़ी के इंजन में नीलगाय का शव फंसने से थोड़ा ट्रैक भी क्षतिग्रस्त हो गया जिस कारण से समय लगा।