पिहानी (हरदोई)। सत्यम् शिवम सुंदरम स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों से दिलकश समां पेश किया। मुख्य अतिथि चेयरमैन डा. सईद खां ने बच्चों की सराहना की।
डा. सईद ने कहा कि ऐसे आयोजनों का बच्चों के शारीरिक व बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसके बाद शुरू हुए रंगारंग कार्यक्रमों की कड़ी में सविता, नैंसी, तान्या व अर्पिता ने स्वागत गीत पेश किया। सरस्वती वंदना ओ मेरी मां में अर्पिता, सौम्या, चांदनी व मोनिका की प्रशंसा हुई। सत्यम् शिवम् सुंदरम् गीत पर मैना व अर्पित ने बेहतरीन अभिनय किया। आजा राधा रानी आजा गीत पर मोनिका, प्रिया, वैशाली, सीता व तान्या ने नृत्य किया। मेरो घूंघट खोल गयो पर प्रिया का नृत्य भी बेहद पसंद किया गया। सुख की निदिया सोय रही पर अर्पित और अर्पिता की जोड़ी ने धमाल मचाया। धरती सुनही अंबर नीला गीत में नैंसी और सौम्या की कला का भी सभी ने लोहा माना।
ओ कान्हा तू है किसका दीवाना पर अर्पित, शिवांशु, कृष्णा, सचिन, सूरज व अर्पिता के अभिनय पर भी तालियां बजीं। राधा तेरी चुनरी में नैंसी का डांस सराहा गया। नाटक कायापलट में शिवांशु, अर्पित, वैभव, कृष्ण व सूरज ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। शरारा शरारा पर मैना के नृत्य को भी तारीफें मिलीं। इसके अलावा दहेज गीत, इस दानव को मार भगाओ गीत में सविता, सीता व चांदनी के लिए दर्शकों ने तालियां बजाईं। इन बच्चों ने वंशी की धुन सुनने को, मोरा मत जावे, नगाड़े संग ढोल बजे, नगाड़ा बजा, रघुपति राघव राजा राम तथा देश रंगीला के जरिए भी अपनी नृत्य तथा गायन कला का जादू चलाया। कार्यक्रम में पालिका ईओ रामबालक मिश्रा ने प्रधानाचार्य अखिलेश मिश्रा को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान दीपिका मिश्रा, रेनू त्रिवेदी, रश्मि मिश्रा, रीता शर्मा व सुनीता शर्मा आदि ने भी व्यवस्थाएं संभालीं। संचालन प्रियंक दीक्षित ने किया। अंत में प्रधानाचार्य अखिलेश मिश्रा ने सभी का आभार जताया।