हरदोई। नौकरी के अभाव में भटक रहे एससी युवक-युवतियों के लिए सुनहरा मौका है। रोजगार को लोन दिलाया जाएगा। अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम में संचालित योजना से बेरोजगार मानकों को पूरा कर लोन प्राप्त कर सकते हैं। जिसके लिए विभागीय अफसरों ने आवेदन करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित स्वत: रोजगार योजना से एससी के बेरोजगार युवक-युवतियों को अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने को अनुदानशुदा लोन दिलाया जाएगा। अपर जिला विकास अधिकारी समाज कल्याण राजीव लोचन मिश्रा ने बताया कि योजना का लाभ लेने वाले युवक-युवतियों को योजना के अंतर्गत ऋण दिलाया जाएगा। जिसमें विभाग की ओर से कुछ अनुदान के रूप में भी रहेगा। बताया कि ऋण लेने के लिए आवेदकों को मानक पूरे करने होंगे। आवेदक विकास भवन स्थित कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त करें तथा जानकारियों को भरें।
योजना का लाभ गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले आवेदक को मिलेगा। जिसकी समस्त स्रोतों से शहरी क्षेत्र में आए 2546 रुपये वार्षिक तथा ग्रामीण क्षेत्र में निवासी की 19,884 रुपये वार्षिक हो। आवेदन के साथ तहसीलदार स्तर से जारी जाति प्रमाण पत्र भी संलग्न कर 20 जून तक कार्यालय में जमा करना होगा। बताया कि शहरी क्षेत्र के आवेदक विकास भवन स्थित कार्यालय, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक ब्लाक कार्यालय पर जमा करेंगे, जबकि निर्धारित तिथि के बाद मिले आवेदन मान्य नहीं किए जाएंगे।