संडीला। सेंट थेरेसा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सोमवार को सुबह बस स्टैंड से लेकर नगर पालिका कार्यालय तक करीब एक किलोमीटर सड़क के दोनों तरफ झाड़ू लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान में योगदान किया।
सुबह करीब 8 बजे बच्चे बस स्टैंड चौराहे पर पहुंचे। उनके साथ प्रधानाचार्य फादर लैंसी रेगो एवं अध्यापक भी थे। बच्चे झाड़ू, डस्टबिन व कूड़ा उठाने का सामान लिए थे। कुछ बच्चे स्वच्छता अभियान से संबंधित श्लोगन लिखी तख्तियां पकड़े और नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। सबसे पहले प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों ने बच्चों के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। बच्चे व प्रधानाचार्य झाड़ू लगाकर सड़क व फुटपाथों पर कूड़ा साफ करके उसे कूड़े की ट्राली में डालते जा रहे थे। साथ ही फादर लैंसी रेगो दुकानदारों से यह भी आग्रह करते चल रहे थे कि अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखें तथा दुकान का कूड़ा साफ करने के बाद उसे डस्टबिन में ही डालें।
बच्चों ने स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के नारे लगाए। बच्चों के साथ उनके अध्यापक दीपक शुक्ला, मानवेंद्र सिंह, रियाज अहमद, उदयराज, धर्मेंद्र सोनी व अजय प्रताप सिंह के अलावा आनंद सिंह भी मौजूद रहे। सफाई करने के बाद बच्चे वापस स्कूल लौट गए।