हाथरस। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने जिले में आगामी त्योहार, पुलिस भर्ती कार्यक्रम और धरना-प्रदर्शन आदि के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 के तहत निषेद्याज्ञा का सख्ती से पालन करने के निर्देश प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि 09 सितंबर से सेक्टर स्कीम लागू कर अधिकारियों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने की जिम्मेदारी सौंपते हुए संयुक्त रूप से जिले के सभी थानों का निरीक्षण करेंगे।
यह निर्देश बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार और पुलिस अधीक्षक दिनेशपाल सिंह ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए दिए। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को इस मौके पर अपने अपने क्षेत्र के सभी लाइसेंसों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण समय से न कराए जाने अथवा लाइसेंस धारक की मृत्यु हो जाने के बावजूद शस्त्र थाने में जमा न कराए जाने के मामले में तत्काल शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाए। डीएम ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि निरस्त एवं निलंबित शस्त्र लाइसेंसों को भी एक सप्ताह के अंदर थाने में जमा कराके रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी एसडीएम और सीओ को संयुक्त रूप से शस्त्रों की दुकानों का सघन निरीक्षण कर सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। दुधारू पशुओं का कटान को रोकने के लिए तत्काल अभियान चलाकर चेकिंग कराने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। उन्होंने चेकिंग के दौरान पकडे़ गए लोगों के खिलाफ तत्काल गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक दिनेशपाल सिंह ने जिले में असामाजिक तत्वों को चिन्हित करके उनका धारा 107/116 में मुचलका कराके पाबंद करने के भी निर्देश दिए। सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा एवं उनके छोटे-मोटे विवादों को मौके पर पहुंचकर सुलझाया जाए। क्षेत्रीय लोगों की शहर एवं सभी ग्राम पंचायतों में कमेटियों का गठन करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी उदयीराम, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण, एसडीएम धर्मेंद्र सिंह, मदनचंद्र दुबे, नन्हकू, क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह चौहान, विजयेंद्र सिंह और समस्त थानाध्यक्ष मौजूद थे।