हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पहाड़पुर में पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर इसी गांव के एक हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र उर्फ कलुआ का सिर बरामद किया है। अभी उसके धड़ की तलाश की जा रही है। सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में गांव के ही एक नामजद के खिलाफ तहरीर दी गई है। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी धर्मेंद्र उर्फ कलुआ पुत्र मुरली सिंह को दो दिन पहले कुछ लोग अपने साथ बुलाकर ले गए थे। उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी तलाश की। बुधवार की शाम को पहाड़पुर के बंबे की पटरी में उसका सिर गढ़ा हुआ मिला। लोगों ने जब वहां गड्ढा और सिर का ऊपरी हिस्सा देखा, तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो वहां थाना पुलिस के अलावा एसपी दिनेशपाल सिंह और एएसपी श्रीकृष्ण पहुंच गए। मृतक के परिजनों से इस बारे में पुलिस ने पूछताछ की तो इन लोगों ने गांव के ही एक नामजद और उसके सहयोगियों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है। एसओ हाथरस जंक्शन का कहना है कि मृतक हिस्ट्रीशीटर था। उस पर हत्या, जानलेवा हमला और लूट आदि के 12 मुकद्मे दर्ज थे। उसका छोटा भाई जीतू भी हिस्ट्रीशीटर है और जेल में बंद है। जीतू पर सिकतरा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की हत्या का आरोप है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और धड़ की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
और पढ़ें