मैनपुरी। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार से गांव के एक व्यक्ति ने दो लाख रुपये ठग लिए। नौकरी नहीं लगने से तगादा करने पर बेरोजगार को जान से मारने की धमकी दी। इस पर ठगी का शिकार हुए युवक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना किशनी के फतेहपुर निवासी अतुल चौहान पुत्र शत्रुघ्न सिंह ने दो वर्ष पूर्व रेलवे में नौकरी के लिए आवेदन किया था। गांव के ही नेत्रपाल पुत्र जंगबहादुर ने अतुल को भरोसा दिलाया कि उसकी भांजी के पति दिल्ली में रहते हैं। उनकी काफी एप्रोच है। वह नौकरी लगवा सकते हैं। अतुल ने उनसे बात करने को कहा। बाद में नेत्रपाल ने बताया कि दो लाख रुपये लगेंगे और नौकरी की गारंटी है। अतुल ने 26 अप्रैल 2011 को एक लाख 50 हजार और 10 दिसंबर 2011 को 50 हजार रुपये नेत्रपाल को दे दिए।
अतुल ने सोमवार को थाने में दी गई तहरीर में कहा कि जब उसकी नौकरी नहीं लगी तो उसने नेत्रपाल से संपर्क किया। इस पर नेत्रपाल ने दो लाख रुपये की और मांग की। अतुल ने जब रुपये देने में असमर्थता जताते हुए पहले दिए गए दो लाख रुपये वापस करने को कहा तो नेत्रपाल ने रुपये वापस करने से मना कर दिया। तगादा करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने अतुल की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।