मैनपुरी। आल इंडिया केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर देशव्यापी हड़ताल के तहत शुक्रवार को मेडिकल स्टोर संचालक हड़ताल पर रहे। इस दौरान थोक और फुटकर दवा की 600 दुकानें बंद रहीं। मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण रोगी और तीमारदार दिनभर भटकते रहे। हड़ताल के कारण एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं मांगों को लेकर दुकानदारों ने स्टेशन रोड पर एकत्रित होकर किया। इसके बाद चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
शुक्रवार को स्टेशन रोड स्थित प्रज्ञा मेडिको पर प्रदर्शन करते हुए केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष/पूर्व विधायक अशोक चौहान ने कहा कि दवा व्यापारियों ने ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल की है। यदि मांगें न मानी तो तीन दिवसीय बंदी की जाएगी। सचिव विनय गांधी ने कहा कि जिले में 600 दुकानें बंद हैं। व्यापारियों की मांग है कि रिटेल दवा दुकान पर फार्मासिस्ट की अनिवार्यता समाप्त की जाए। नई दवा नीति में दवा विक्रेताओं का मुनाफा यथावत रखा जाए। प्रदर्शन के बाद ईशन नदी से बाइक रैली निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंचकर पुन: प्रदर्शन कर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अरूण तोमर, सतीश भटनागर, परिवर्तन दीक्षित, राहुल चतुर्वेदी, जितेंद्र यादव शामिल थे। घिरोर में नगर अध्यक्ष बृजेश चौहान, महामंत्री तस्लीम अहमद, संजय अग्रवाल ने जसराना तिराहा पर प्रदर्शन किया। बाद में पदाधिकारी मैनपुरी आए।