किशनी (ब्यूरो)। खेत में थ्रेसिंग के लिए खड़े ट्रैक्टर के अचानक स्टार्ट हो जाने से बालक छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बालिका गिरिजा को गंभीर चोटें आईं। महोली कछपुरा निवासी उमेश चंद्र दुबे के खेत में थ्रेसिंग चल रही है। सोमवार शाम उन्होंने ट्रैक्टर मंगवाया था। खेत में उनका पुत्र छोटू (7) और पड़ोसी लालू बाथम की पुत्री गिरजा (8) भी मौजूद थी। मजदूर और उमेश खेत के किनारे बैठ गए। छोटू और गिरजा ट्रैक्टर के पास खड़े थे। तभी अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया। जब तक मजदूर और उमेश ट्रैक्टर रोकते तब तक ट्रैक्टर की चपेट में दोनों बच्चे आ गए। ट्रैक्टर को बंद करके बैक किया। तब तक छोटू की मौत हो गई। जानकारी होते ही उमेश के परिवार के लोग खेत पर आ गए। शव देख परिवारीजनों में कोहराम मच गया। गिरिजा को चोटें आने की जानकारी पर उसके परिवार के लोग भी पहुंच गए। गंभीर हालत में गिरिजा को परिवारीजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।