मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने पहली मेरिट के दाखिले की तिथि घटा दी है। अब 25 की जगह 22 अगस्त तक दाखिले होंगे। मेरठ समेत नौ जिलों में ग्रेजुएशन कोर्स में शनिवार तक 21,795 दाखिले हो गए थे। 22 अगस्त की शाम को ग्रेजुएशन की दूसरी कट ऑफ जारी कर दी जाएगी। दाखिले के लिए तीन दिन का वक्त दिया जाएगा। इसी दिन पोस्ट ग्रेजुएशन की पहली मेरिट जारी होगी। पहली मेरिट की तिथि घटाने का फैसला कालेजों की मांग पर किया गया है।
सीसीएसयू का सत्र लगातार लेट होता जा रहा है। इसको ध्यान में रखकर और पहली मेरिट के ठंडे रिस्पांस को देखते हुए विवि ने दाखिले की तिथि तीन दिन घटाई है। ये फैसला शनिवार को लिया गया। पहली मेरिट 65 हजार सीटों के लिए जारी की गई थी। इसमें अभी तक 21,795 दाखिले हुए हैं। ज्यादातर टॉपर बाहर दाखिले ले चुके हैं। हाल यह है कि कालेज, छात्रों की बाट जोह रहे हैं।
प्रवेश समिति की समन्वयक प्रो. वाई विमला के मुताबिक ग्रेजुएशन की दूसरी कट ऑफ 22 अगस्त की शाम को घोषित कर दी जाएगी। दाखिले के लिए छात्रों को सिर्फ तीन दिन का समय दिया जाएगा। दूसरी मेरिट में पहली मेरिट के वोकेशनल कोर्स के छात्र और जिनकी च्वॉइस बदलने के केस हैं, उनको शामिल किया जाएगा। 22 को ही पोस्ट ग्रेजुएशन की पहली मेरिट जारी की जाएगी। पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स की दूसरी मेरिट 26 अगस्त को जारी की जाएगी। इसमें दाखिले के लिए पांच दिन का वक्त दिया जाएगा।
......................
करेक्शन के लिए तीन दिन
विश्वविद्यालय ने पोस्ट ग्रेजुएशन में पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं को एडमिशन पोर्टल पर करेक्शन के लिए तीन दिन दिए हैं। 19 से 22 अगस्त तक वे अपना डाटा ठीक कर सकते हैं। इस दौरान छात्र कालेज की च्वाइस और कोर्स में बदलाव नहीं कर सकेंगे।
पहले फिटनेस टेस्ट
बीएससी फिजिकल एजूकेशन में अभी एक भी दाखिला नहीं हुआ है। कुछ कालेजों ने दाखिले कर लिए थे, लेकिन बिना फिटनेस टेस्ट के वे मान्य नहीं होंगे। फिटनेस टेस्ट पास करने वाले छात्रों को ही दाखिला मिलेगा। इनको विवि समय में रियायत देगा।
----------
कब-कौन सी मेरिट
ग्रेजुएशन पहली मेरिट के दाखिले 22 अगस्त तक
ग्रेजुएशन की दूसरी कट आफ 22 अगस्त को आएगी
पीजी की पहली मेरिट 22 अगस्त को आएगी
पीजी की दूसरी मेरिट 26 अगस्त को आएगी