मेरठ। लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज में स्टाफ नर्स और कर्मचारी नेता के बीच चल रहा विवाद तूल पकड़ गया है। स्टाफ नर्स ने कर्मचारी नेता विपिन त्यागी पर छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप लगाया था। वही, रविवार को कर्मचारियों ने डाक्टर और नर्स पर अपशब्द (जाति सूचक) करने का आरोप लेकर एससी एक्ट का केस दर्ज करा दिया है।
मेडिकल कालेज के कर्मचारी सुभाष ने डा. सचिन कुमार और एक स्टाफ नर्स के खिलाफ रविवार को एससी एक्ट का केस दर्ज कराया। उसने बताया कि शनिवार को डाक्टर और नर्स ने मेडिकल कालेज में उसे जातिसूचक शब्द कहे। पुलिस ने बताया कि तीन दिन पहले मेडिकल कालेज की स्टाफ नर्स ने कर्मचारी एसोसिएशन अध्यक्ष विपिन त्यागी पर छेड़छाड़ और अभद्रता करने का आरोप लगाकर मेडिकल थाने में केस दर्ज कराया था। डाक्टर और नर्स शनिवार को कर्मचारी नेता पर कार्रवाई न होने पर मेडिकल कैंपस में हंगामा कर रहे थे। वही, दूसरी ओर नर्स के आरोपों को फर्जी बताकर कर्मचारी उनका विरोध कर रहेे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। एसओ मेडिकल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामले की जांच कराई जा रही है।