मेरठ। गाजियाबाद निवासी नेहा वर्मा के शव का रविवार आधी रात को ही पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार नेहा के सीने में करीब से मारी गई गोली ही जानलेवा साबित हुई। यह गोली शरीर को चीरती हुई कमर के पार हो गई। पुलिस ने नेहा के साथ दुष्कर्म की आशंका से भी इंकार नहीं किया है। इसकी आधिकारिक जांच के लिए दो स्लाइड बनाई गई हैं। बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे से 9:30 बजे के बीच हत्या होना माना जा रहा है। नेहा के पेट में करीब 50 ग्राम खाना पचा हुआ मिला है। शरीर के अन्य अंगों पर कोई खास चोट नहीं मिली है। परिजन सोमवार तड़के शव लेकर गढ़ मुक्तेश्वर चले गए। वहीं पर दाह संस्कार किया जाएगा।
17 अप्रैल को जिमखाना मैदान के पास मिले शव की पहचान गाजियाबाद के थाना विजय नगर क्षेत्र स्थित भूड़ भारत नगर निवासी नेहा वर्मा (27) पुत्री स्वर्गीय बलराम बख्शी के रूप हुई थी। नेहा के पति विपिन वर्मा और मां मधु ने शव की शिनाख्त की थी। विपिन से विवाद के कारण नेहा दो साल से मायके में ही थी। जबकि उसके दोनों बच्चे विपिन के पास रहते हैं। विपिन और नेहा के बीच तलाक का केस कोर्ट में चल रहा था।
सीओ कोतवाली रूपेश कुमार सिंह के अनुसार प्रशासन से अनुमति लेकर रविवार करीब 1:30 बजे पोस्टमार्टम कराया गया था। पोस्टमार्टम में नेहा के सीने पर बाई तरफ और पीठ में गोली का निशान मिला। गोली 315 बोर की बताई गई है। सीओ के अनुसार दुष्कर्म की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि स्लाइड रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। दोनों स्लाइड जिला अस्पताल भेजी गई हैं।