मेरठ। विक्टोरिया पार्क अग्निकांड जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित एक सदस्यीय जांच आयोग के अध्यक्ष जस्टिस एसबी सिन्हा आज यूपी भवन दिल्ली में पहली सुनवाई करेंगे। जिसके लिए प्रशासन व पुलिस के साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों को तलब किया गया है। ट्रेड फेयर आयोजक और अग्निकांड पीड़ित भी बयान दर्ज कराएंगे।
विक्टोरिया पार्क अग्निकांड में घायलों और मृतकों के परिजनों को मुआवजा तय करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। इस मामले में आयोजकों के अधिवक्ता की दलील स्वीकार करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर एक सदस्यीय जांच आयोग गठित किया है। इसमें जांच का जिम्मा जस्टिस एसबी सिन्हा को सौंपा गया है। उन्होंने 17 सितंबर की तिथि सुनवाई के लिए तय की है। बुधवार को दिल्ली में शाम 4.30 बजे होने वाली सुनवाई के लिए सभी विभागों के प्रतिनिधि मंगलवार को तैयारियों में जुटे रहे। हालांकि इस समय जनपद में एक भी अधिकारी ऐसा तैनात नहीं है, जो विक्टोरिया पार्क अग्निकांड के समय मौजूद था। बावजूद इसके सभी विभाग अपने-अपने रिकॉर्ड दुरुस्त कर जहां अपने साक्ष्य और बयान दर्ज कराएंगे।