गंगानगर। मेरठ के एक और लाल ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। मवाना के भैंसा गांव के रवि कुमार के शूटिंग में पदक जीतने के बाद धनपुर के कपिल शर्मा ने नौकायन की टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया है। सेना में जवान कपिल के पदक जीतने की सूचना मिलते ही धनपुर में जश्न का माहौल हो गया। कपिल इससे पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुके हैं।
साउथ कोरिया के इंचियोन में चल रहे एशियन गेम्स-2014 में बृहस्पतिवार को नौकायन प्रतियोगिताएं हुईं। आठ सीटर रोअर में बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप की ओर से चुने गए इंचौली केधनपुर निवासी कपिल शर्मा पुत्र देवन्द्र शर्मा भी शामिल थे। गांव में कपिल की इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। परिजनों के मुताबिक कपिल 2007 में सिपाही के तौर पर भर्ती हुए थे। सेना में उन्होंने नौकायन को खेल के तौर पर लिया। 2009 में पूना में हुए नेशनल चैम्पियनशिप में नौकायन में पहला स्वर्ण पदक जीता। कपिल की शादी सरधना थाना क्षेत्र के दबथुवा निवासी पारूल शर्मा से हुई है। बृहस्पतिवार को परिवार के लोगों की निगाहें टीवी पर जमी रही। मैच शुरू होने के कुछ देर में ही उनकी टीम ने कांस्य पदक पर कब्जा कर लिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें कपिल पर गर्व है। दो महीने पहले जब वह छुट्टियों में गांव आए थे तो उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार वालों से पदक जीतने के बारे में चर्चा की थी। कपिल के पिता देवेंद्र शर्मा का कहना है कि उनका बेटा ओलंपिक में भी पदक जीतेगा।