नोएडा। मानव सेवा समिति के तत्वावधान में सेक्टर-71 में आयोजित 11वें शहीद कैप्टन शशिकांत इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में शनिवार को विश्व भारती स्कूल ने आर्मी पब्लिक स्कूल को करारी शिकस्त दी। विश्व भारती स्कूल की यह चौथी जीत है, जिसमें तीन बार लगातार टूर्नामेंट का विजेता बनकर इस टीम ने हैट्रिक बनाई है।
आर्मी पब्लिक स्कूल ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 80 रन बनाए, जिसमें गौतम ने 43 रन बनाए। विश्व भारती स्कूल की ओर से सिद्धांत टिक्कू ने चार ओवरों में दस रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं दूसरे बॉलर शौर्य चौधरी ने चार ओवर में दस रन देकर दो विकेट चटकाए।
विश्व भारती की टीम ने जवाब में खेलते हुए 13 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसमें शौर्य ने 34 रन बनाए। पूरी सीरिज में सर्वश्रेष्ठ बॉलर और मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब विश्व भारती स्कूल के खिलाड़ी शौर्य चौधरी को मिला। वहीं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज मयंक श्रीवास्तव बने। इन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 140 रन बनाए। मैच ऑफ द मैच विश्व भारती स्कूल के खिलाड़ी सिद्धांत टिक्कू को मिला। विजेता टीम को ट्रॉफी के अलावा 11 हजार रुपये और रनरअप को 5,100 रुपये की राशि मिली। टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के तौर नोएडा प्राधिकरण के डीसीईओ विजय कुमार यादव उपस्थित थे।