नोएडा। गैंग्स ऑफ कब्जेवाला के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान का दायरा बढ़ाते हुए बुधवार को रजनीगंधा चौराहे से सेक्टर-छह तक सड़क को वाहनों के अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस दौरान 90 वाहनों को जब्त किया गया जबकि 105 वाहनों पर चालान चस्पा कर दिए गए।
शहर की सड़कों पर यातायात का अवरोधक बनी अवैध पार्किंग के खिलाफ ‘अमर उजाला’ की मुहिम रंग लाती दिखाई दे रही है। दूसरे दिन ट्रैफिक पुलिस ने भारी दल बल के साथ वाहनों के अतिक्रमण के खिलाफ शिकंजा कसा। रजनीगंधा से लेकर सेक्टर-15 तक मंगलवार को 100 से ज्यादा वाहनों को जब्त किया गया था जबकि दर्जनों वाहनों के चालान किए गए थे।
नया बांस मार्केट के सामने सड़क पर रोजाना की तरह बुधवार सुबह बेतरतीब तरीके से वाहनों का जमावड़ा लगा हुआ था। अचानक ट्रैफिक पुलिस अपने अमले के साथ पहुंची और एक के बाद एक सड़क पर खडे़ वाहनों को क्रेन से जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान का दायरा बढ़ाते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रजनीगंधा चौराहे से लेकर उद्योग मार्ग पर सेक्टर-छह स्थित संदीप पेपर मिल तक सड़क को वाहनों के कब्जे से मुक्त कराया।
-----
दो बसों को किया सीज : अभियान के दौरान रजनीगंधा चौराहे के पास सड़क पर खड़ी दो बसों पर ट्रैफिक पुलिस ने सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि लगातार दी जा रही चेतावनी के बावजूद तय मानकों को बस ऑपरेटरों ने पूरा नहीं किया था। इस वजह से इन बसों को सीज कर दिया गया।
-----
थाना पुलिस भी अलर्ट : ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस भी सतर्क दिखाई देने लगी है। गोलचक्कर के पास थाना सेक्टर-20 प्रभारी रीता यादव ने हूटर लगी एक स्कार्पियो गाड़ी को पकड़ा। मौके पर ही इसका चालान किया गया।