ग्रेटर नोएडा। दनकौर रेलवे स्टेशन से ईएमयू महिला कोच में सवार होकर कुछ युवकों ने हंगामा किया। विरोध करने पर युवकों ने सिपाहियों की पिटाई कर दी। एक सिपाही का सिर फोड़कर घायल कर दिया। पीड़ित सिपाही की ओर से अलीगढ़ जीआरपी कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक सुबह ईएमयू गाड़ी दनकौर रेलवे स्टेशन पर आकर रुकी और महिला कोच में देवटा एवं अस्तौली के कुछ युवक भी सवार हो गए। गाड़ी के चलने के कुछ समय बाद ही युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया और महिलाओं पर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। जीआरपी सिपाही विशेष और आलोक ने विरोध किया तो युवकों ने दोनों पर हमला कर दिया। 10-12 युवकों ने सिपाहियों के साथ मारपीट की, जिसमें विशेष का सिर फट गया। सिपाही आलोक उत्पाती युवकों से जान बचाकर भाग निकला और पुलिस को सूचना दी। अजायबपुर स्टेशन पर गाड़ी रुकवा दी गई। लेकिन जीआरपी के आने से पहले ही सभी आरोपी युवक महिला कोच छोड़कर फरार हो चुके थे। जीआरपी ने उन युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
और पढ़ें