हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के रघुवीरगंज में गुरुवार की रात डकैतों ने एक दुकानदार के घर धावा बोल दिया। डकैतों ने दुकानदार की पत्नी के हाथ-पैर बांध कर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और नकदी समेत तीन लाख का माल लूट लिया। वारदात की जानकारी होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी एन कोलांची ने मौका मुआयना कर पीड़ित परिवारीजनों से पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
हरचंदपुर कस्बे के रघुवीरगंज निवासी संतोष कुमार घर में ही जनरल मर्चेंट की दुकान करता है। गुरुवार की रात छह नकाबपोश डकैतों ने उसके घर पर धावा बोल दिया। संतोष घर में सो रहा था, जबकि पत्नी पूजा बच्चों शिवम (2) और कुशल (4) के साथ दूसरे कमरे में सोई थी। डकैतों के घर में घुसते ही पूजा की नींद खुल गई। इस दौरान डकैतों ने उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद डकैत घर में रखे 10 हजार रुपये, सोने के जेवर और चांदी के सिक्कों समेत करीब तीन लाख का सामान लेकर भाग गए। बच्चों की नींद खुली तो वह रोने लगे, जिससे दुकानदार भी जाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात की छानबीन की। एसपी एन कोलांची ने पुलिस को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
इनसेट
...तो गांवों के लोग कितने सुरक्षित होंगे
व्यापारी शिव प्रकाश, अरविंद सेन, विजय सिंह, अमरेश त्रिवेदी ने हरचंदपुर पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। कहा कि जब थाने से 500 मीटर की दूरी पर बीच कस्बे में डकैती की वारदातें हो रही हैं तो गांवों में लोग कितना सुरक्षित होंगे, इसका अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है। हाल ही में मझिगवां गांव में एक साथ तीन घरों में हुई लाखों की चोरी का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। दहशत के चलते ग्रामीण रतजगा कर रहे हैं, वहीं पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
इनसेट
पुलिस की रात्रि गश्त की खुली पोल
कस्बे में हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त की कलई खोल दी है। व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जा रही है। चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं के बाद भी पुलिस चैन की नींद सो रही है। कागजों पर जीप और पवन मोबाइल दौड़ा कर रात्रि गश्त हो जाती है। यदि पुलिस रात्रि गश्त करती तो डकैतों के हौसले इतने बुलंद न होते।