एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

लापरवाही ने ली संविदा कर्मी की जान

Sitapur Updated Sun, 16 Jun 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

सीतापुर। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही ने एक संविदा कर्मी की जान ले ली। विद्युत उपकेंद्र नेरी की 33 केवी लाइन में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए शहर के हुसेनगंज पावर हाउस के निकट यह कर्मी खंभे पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहा था। तभी अचानक लाइन चालू कर दी गई। करंट की चपेट में आने से कर्मी खंभे से नीचे आ गिरा। आननफानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, अफसर मामले की जांच कराकर संविदा कर्मी को मुआवजा दिलाए जाने की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

महोली के ग्राम नरनी कटघरा निवासी बृज किशोर श्रीवास्तव का 29 वर्षीय पुत्र अनूप श्रीवास्तव नेरी विद्युत उपकेंद्र पर ठेकेदार आलोक सक्सेना के साथ बतौर संविदा कर्मी कार्यरत था। शुक्रवार को लाइन में खराबी आने के कारण उपकेंद्र नेरी की आपूर्ति ठप हो गई थी। इस लाइन में आई खराबी को दुरुस्त करने के लिए शनिवार को लाइन शट डाउन कर दी गई थी। संविदा कर्मी अनूप, ठेकेदार समेत अन्य कर्मचारी शहर के हुसेनगंज 220 केवी पावर हाउस के पीछे से नेरी से गुजरी लाइन को दुरुस्त करने में जुट गए। यहां एसडीओ धर्मेंद्र आनंद व अवर अभियंता प्रमोद कुमार की देखरेख में काम चल रहा था। शाम करीब पांच बजे 33 केवी लाइन के खंभे पर चढ़कर अनूप काम कर रहा था। इसी बीच अचानक आपूर्ति चालू कर दी गई। तेज आवाज के साथ करंट लगने पर अनूप बुरी तरह झुलस गया और खंभे से नीचे आ गिरा। आननफानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही जेई मौके से निकल गए। ठेकेदार व अन्य सहकर्मियों ने बताया कि शटडाउन लेने के बाद ही काम किया जा रहा था। मरम्मत के बाद लाइन चेक की जानी थी लेकिन संविदा कर्मी ने खंभे से उतरने से पहले ही लाइन चालू हो गई, जिससे यह हादसा हुआ।

3200 रुपये मानदेय पर कर रहा था काम
संविदा कर्मी अनूप करीब पांच वर्ष से नेरी उपकेंद्र पर संविदा कर्मी के रूप में काम कर रहा था। उसे ठेकेदार आलोक सक्सेना के द्वारा अनूप को 3200 रुपये मानदेय दिया जा रहा था।
विज्ञापन


विभागीय लापरवाही से हुआ हादसा
मरम्मत कार्य के लिए शटडाउन जेई, एसडीओ व वरिष्ठ अधिकारी के ही कहने पर होता है। लाइन भी इन्हीं के कहने पर होती है। शनिवार शाम हुए हादसे के दौरान मौके पर एसडीओ व जेई दोनों ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मरम्मत कार्य लगभग पूरा हो चुका था। लाइन चेक करने का कार्य चल रहा था। लेकिन पोल से संविदा कर्मचारी के उतरने से पूर्व ही आपूर्ति चालू करा दी गई। ऐसे में ठेकेदार व अन्य सहकर्मी लापरवाही की बात कहर रहे हैं, लेकिन इस संबंध में अब तक अधिकारियों को कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है।
....
मृतक आश्रितों को मिलेगा मुआवजा
संविदा कर्मी अनूप की करंट लगने से हुई मौत के बाद विभागीय अधिकारी जांच कराने का आश्वासन दे रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो जांच के बाद परिवारीजनों को ठेकेदार से मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

.....
परिजनों को पहुंचा गहरा आघात
अनूप के परिवार में उसके पिता बृज किशोर, मां, बडे़ भाई अविनाश, आलोक, छोटे भाई विनय प्रकाश, सुधांशु व बहन पूनम हैं। अनूप के दो बड़े भाइयों व बहन की शादी हो चुकी थी। परिवार के लोग बीते कुछ दिनों से अनूप के विवाह के लिए लड़की ढूंढ रहे थे। शादी अभी तय नहीं हुई थी। परिवार में अनूप सबका चहेता था। परिवारीजनों के मुताबिक शनिवार सुबह फोन आने पर अनूप करीब पांच बजे ही घर से बिना कुछ खाए निकल गया था। एकाएक आई इस मनहूस खबर ने परिवार की खुशियां बेरंग कर दीं।

संविदा कर्मी की मौत का मामला संज्ञान में आया है। हादसा किन स्थितियों में हुआ है, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उसके आश्रितों को आर्थिक मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आरबी यादव, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड-प्रथम
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें