महमूदाबाद (सीतापुर)। खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर बाइक सवार दो हमलावरों ने बुधवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही ग्रामीण मौके पर गिर गया। हमलावर उसे मरा समझ कर मौके से भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। जख्मी ग्रामीण को महमूदाबाद सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के पीछे रंजिश का मामला बताया जा रहा है। ग्रामीण के भतीजे ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। घटना इचौली गांव की है।
महमूदाबाद कोतवाली इलाके के भुड़कुड़ा मजरा सेमरा गांव निवासी रामकरन वर्मा बुधवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के इचौली गांव के पास खेत में काम कर रहा था। रामकरन के भतीजे शशांक के मुताबिक इसी बीच बाइक पर सवार दो लोग मौके पर पहुंचे और चाचा रामकरन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। जिसके बाद हमलावर मरा हुआ समझकर बाइक से भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। आननफानन परिवारीजन उसे सीएचसी महमूदाबाद ले गए, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। रामकरन के भतीजे शशांक ने बताया कि उसके चाचा को रंजिश के चलते गोली मारी गई है। उसने कोतवाली इलाके के सेमरा निवासी मुनेश्वर व उसके दामाद तथा रामपुर कलां के जुलावरपुर निवासी लवकुश के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। कोतवाली प्रभारी केके मिश्रा का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।