अमरोहा। शादी में डीजे पर डांस को लेकर हंगामा हो गया। मनपसंद गाने पर नाचने के लिए युवकों के दो गुट आपस मेें भिड़ पड़े। एक-दूसरे पर हथियार तान लिए। जिससे अफरातफरी मच गई। लोगोें ने हस्तक्षेप कर बमुश्किल टकराव के हालात पर काबू पाया।
और पढ़ें
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की है। यहां एक घर में शादी हो रही है। शनिवार की रात आम दावत थी। जिसमें डीजे का भी इंतजाम किया गया था। युवक और बच्चे गानों पर थिरक कर मौज मस्ती कर रहे थे। बताते है कि इसी दौरान नशे में धुत कुछ युवक डीजे पर डांस करने लगे। उन्होंने बाकी लोगों को भगा दिया। इन युवकों के बीच पसंदीदा गाने को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। तनातनी बढ़ने पर देखते ही देखते तमंचे निकाल लिए। एक-दूसरे पर फायर करने की धमकियों से दावत में भगदड़ मच गई। विवाद गहराने पर परिजन और आसपड़ोस के लोग आ गए। बमुश्किल तमाम युवकों में बीच बचाव कराया। तथा डीजे बंद कराकर मामला शांत किया। इस मामले को लेकर आधी रात तक हंगामेदार माहौल बना रहा।