जोया। डिडौली क्षेत्र मेें फोरलेन हाईवे पर रविवार तड़के सड़क हादसे में रामपुर के युवक की मौत हो गई। मो. हुसैन दिल्ली से घर लौट रहा था। यहां सम्राट ढाबे पर बस से उतरकर सड़क पार करते में ट्रक ने उसे कुचल दिया। जवान बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
रामपुर जनपद के शाहबाद थानांतर्गत शकरपुर गांव निवासी नन्हे खां का बेटा मोहम्मद हुसैन (20) दिल्ली में नौकरी करता था। रविवार की रात में बस में सवार होकर घर आ रहा था। तड़के में करीब 4 बजे ड्राइवर ने सवारियों के नाश्ते के लिए सम्राट ढाबे पर बस रोकी थी। मोहम्मद हुसैन लघुशंका करके ढाबे पर पहुंचने के लिए सड़क पार कर रहा था तभी दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे में बुरी तरह जख्मी मोहम्मद हुसैन की मौके पर मौत हो गई। जबकि, ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया।
हादसे की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लाश को कब्जे में लेकर परिजनों को हादसे की सूचना देकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। सुबह सवेरे रोेते सिसकते परिजन मोर्चरी पहुंच गए और शव से लिपटकर दहाड़े मार मारकर रोने लगे। पुलिस ने पिता की तहरीर पर ट्रक संख्या के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।