कपकोट / बागेश्वर। कपकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से रखे अल्ट्रासाउंड तथा एक्सरे मशीन का आज तक उपयोग नहीं हो सका है। तकनीशियन नहीं होने से मशीन धूल फांक रही हैं। यहां आने वाले रोगियों को तकनीकी जांच के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। जिसमें उनका धन तथा समय बर्बाद हो रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगभग ढाई साल पहले अल्ट्रासाउंड तथा एक्सरे मशीन की व्यवस्था की गई। तत्कालीन स्वास्थ्य राज्यमंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने इनका शुभारंभ भी किया। तब उन्होंने कहा था कि पूर्णकालिक तकनीशियनों की तैनाती होने तक जिला मुख्यालय के तकनीशियन सप्ताह में दो दिन यहां आकर रोगियों की जांच करेंगे लेकिन तब से आज तक एक भी दिन तकनीशियन यहां नहीं आए। राज्य में मार्च में नई सरकार बनी लोगों को उम्मीद थी कि अस्पताल में शीघ्र तकनीशियों की तैनाती होगी। लेकिन इस सरकार के कार्यकाल को भी छह महीने हो गए हैं, आज तक तकनीशियन नहीं आ सके। विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि तकनीशियनों की तैनाती की बात आगे बढ़ाई जाएगी। सीएमओ डा. चंद्रा पंत ने बताया कि तकनीशियनों की स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।