चौखुटिया। बारात में बुकिंग पर आए एक कार चालक की रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई है। कार को बुकिंग पर लेकर आए युवकों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। मृतक द्वाराहाट के मल्ली मिरई का है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को दिन में द्वाराहाट के मल्ली मिरई से बरलगांव में बारात आई थी। मल्ली मिरई के पांच युवक उसी गांव के हरीश कुमार (32) पुत्र श्यामलाल की कार को बारात में बुकिंग में लेकर आए थे।
बारात में शामिल होने के बाद ये सभी चौखुटिया आ गए। इस बीच हरीश कुमार रामगंगा नदी में नहाने की बात कहते हुए कार को लेकर अगनेरी मंदिर परिसर के कुछ दूरी पर स्थित पैदल पुल के निकट रामगंगा नदी में नहाने चला गया। जबकि अन्य युवक चाय पीने एक दुकान में बैठ गए।
बताया गया है कि उसके काफी देर तक न लौटने पर उसको बुकिंग पर लाए युवाओं ने घटना स्थल पर पहुंचने के बाद उसके डूबने की सूचना तहसील में दी। बाद में तहसीलदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। उसे सीएचसी भी ले जाया गया परंतु उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना दिन में करीब ढाई बजे की बताई गई है।
जानकारी के अनुसार मृतक कार चालक कार का मालिक भी था। वह द्वाराहाट के मल्ली मिरई का रहने वाला है। उसके पिता श्याम लाल पूर्व प्रधान हैं। पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उसे बुकिंग पर लाए युवकों से भी पूछताछ की जा रही है।
कुछ दूरी पर नहा रहे थे स्कूली छात्र
चौखुटिया। यह भी जानकारी मिली है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है। उसी स्थान से कुछ दूरी पर द्वाराहाट के एक स्कूल से आए छात्र भी नदी में नहा रहे थे। परंतु उनका ध्यान इस ओर नहीं गया। यदि समय से घटना की जानकारी मिल गई होती तो मृतक की जान बचाई जा सकती थी।
हाल के दिनों में नदी में डूबने से मौत की तीसरी घटना
चौखुटिया। क्षेत्र में नदी में डूबने से मौत की हाल के दिनों की यह तीसरी घटना है। इससे कुछ दिन पहले दो लोगों की असेठी के निकट रामगंगा नदी में डूबने से मौत हुई थी। वे भी चालक थे जो बारात में ही आए थे। इधर मल्ली मिरई निवासी कार चालक के डूबकर मौत हो जाने से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।