कर्णप्रयाग। तहसील प्रशासन, थाना पुलिस, जल संस्थान और नगर पालिका ने संयुक्त अभियान चलाकर कर्णप्रयाग में चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने व्यापारियों की ओर से सड़क किनारे किया गया अतिक्रमण हटाया और ठेलियों को हटवाया।
एसडीएम देवानंद शर्मा की अगुवाई में अधिकारियों ने नगर में स्वच्छता, यातायात, पेयजल आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सड़क किनारे किया अतिक्रमण हटाया और अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। एसडीएम ने कहा कि यात्रा मार्ग पर यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पालिका प्रशासन को नगर की नालियां साफ कर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने, यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक्सपायरी डेट का सामान बेचने वालों पर कार्रवाई होगी। इस मौके पर तहसीलदार चंद्रशेखर वशिष्ठ, पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेंद्र सिंह राणा, थाना प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक सुजान सिंह नेगी, हरीश मैठाणी, नितिन सती और रोशन लाल आदि थे।