चंपावत। दिल्ली गैंगरेप की घटना के बाद जिला पुलिस ने भी महिलाओं से संबंधित अपराधों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर दी गई है और महिलाओं से संबंधित आपराधिक मामलों में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी।
रविवार को यहां पुलिस लाइन में आयोजित मासिक क्राइम समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने बताया कि जिला मुख्यालय में महिलाओं से संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। नियंत्रण कक्ष का टोलफ्री फोन नंबर 1090 और 18001804178 रहेगा। इसमें एक कर्मचारी की हर वक्त ड्यूटी रहेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित किसी भी मामले में रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि वाहनों से काले शीशे हटाने का काम प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इस संबंध में सभी सरकारी विभागों को भी पत्र लिखा जा रहा है। नगर में रात्रि गश्त बढ़ाने, लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश भी एसपी ने जारी किए। उन्होंने कहा कि हर थाना क्षेत्र में अपराधों को नियंत्रित करने, वाहनों में ओवरलोडिंग रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सीमा से सटे थानों के प्रभारियों से कहा गया कि नेपाल से इस सीजन में होने वाली चरस तस्करी को रोकने को विशेष रूप से सतर्क रहें। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव, पीएस पांगती, कोतवाल आरएस टोलिया, स्टेनो चिरंजीव जोशी समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।