रुड़की। अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (जेएम) सोनिका ने कड़ा रुख अपनाया है। नोटिस के बाद भी भूमाफिया की ओर से कोई जवाब नहीं आने पर जेएम की ओर से अब कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके साथ ही विनियमित क्षेत्र में हुई अवैध प्लाटिंग पर जेएम की ओर से शीघ्र कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध प्लाटिंग को लेकर ‘अमर उजाला’ में छपी खबरों का संज्ञान लेते हुए जेएम सोनिका ने फरवरी माह में तहसील क्षेत्र के 111 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। अवैध प्लाटिंग कर रहे लोगों को 15 दिनों में जवाब देने को कहा गया था। इनमें से 28 फरवरी को 17 और चार मार्च को 59 लोगों को जवाब देना था, लेकिन इन 76 लोगों में से महज तीन लोग ही नोटिसों का जवाब देने पहुंचे। इनमें से भी मात्र एक ही व्यक्ति नियमानुसार प्लाटिंग कागजात दिखा पाया। इसके अलावा 73 लोगों ने तो जेएम के नोटिसों का कोई जवाब देना तो दूर आना भी मुनासिब नहीं समझा। नोटिसों का जवाब नहीं आने पर अब इन अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई के लिए जेएम सोनिका की ओर से शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। शासन की ओर से निर्देश मिलते ही अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कोट..
विनियमित क्षेत्र में चल रही अवैध प्लाटिंग पर शीघ्र कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भगवानपुर, मंगलौर और रुड़की परगना क्षेत्रों चल रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन की ओर से आदेश मिलते ही इन अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई होगी।
- सोनिका, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, रुड़की।