हरिद्वार। आपदा पीड़ितों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन ने हाथ बढ़ाया तो हजारों लोग साथ आ गए। अमर उजाला की ओर से हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर लगाए गए सहायता शिविर के दूसरे दिन रविवार को 300 आपदा पीड़ितों को चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराई गई। शिविर में आपदा पीड़ितों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी।
रविवार को सुबह से लेकर दोपहर तक मेट्रो अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. नितिन शाह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने आपदा पीड़ितों को उपचार दिया। इसके बाद चिकित्सा व्यवस्था की कमान आईएमए हरिद्वार शाखा की अध्यक्ष डा. नीता मेहरा ने संभाली। उनके साथ डा. पीसी मालसे और डा. विपिन मेहरा ने आपदा पीड़ितों का उपचार किया। देहरादून से आए प्रतोष त्यागी, अजय पठानिया, रसीश काम्बोज और बबलू शर्मा ने आपदा पीड़ितों को भोजन वितरित किया। युवाओं की इस टीम ने सुबह से शाम तक आपदा पीड़ितों के लिए भोजन और पानी सहित खाने-पीने की हर जरुरत का ख्याल रखा।
शिविर में सहयोग के लिए हरिद्वार के अन्य कई गणमान्य लोग रेलवे स्टेशन पहुंचे। हर कोई आपदा पीड़ितों की मदद के लिए अमर उजाला के साथ खड़ा रहा।