मंगलौर। पुलिस ने रोड होल्डअप कर लूटपाट करने वाले गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से हथियार, मोबाइल फोन, कार और बाइक भी बरामद की है। गिरफ्तारी के वक्त गिरोह के सदस्य नारसन क्षेत्र में लूटपाट करने की फिराक में थे। पुलिस पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने यूपी और दिल्ली में हुई लूट की कई वारदात कबूल की हैं।
पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात नारसन क्षेत्र में वाहनों को रोककर लूटपाट करने की तैयारी कर रहे बदमाशों को पकड़ने में कामयाबी पाई है। शुक्रवार को एसएसपी राजीव स्वरूप ने मंगलौर कोतवाली में पत्रकारों को बताया कि बृहस्पतिवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहन रोककर लूटपाट करने वाला गिरोह नारसन लखनौता रोड पर वाहनों के साथ लूटपाट की तैयारी कर रहा है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पंकज गैरोला और एसओजी प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी तथा एसएसआई उमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टिकोला क्षेत्र के संगम भट्टे के पास से नौ बदमाशों को पकड़ लिया जबकि इनका एक साथी नसीम उर्फ छोटा भागने में कामयाब रहा। बदमाशों के कब्जे से एक सफेद रंग की वैगनआर कार, बाइक, चार हजार रुपये, चार तमंचे, पेड़ काटने की आरी, विभिन्न स्थानों से लूटे गये छह मोबाइल फोन तथा बदमाशों के आठ मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। एसएसपी ने बताया के पकडे़ गये नौ बदमाश हरिद्वार और यूपी के रहने वाले हैं। एसएसपी के मुताबिक बदमाशों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नकुड़, देवबंद, खतौली, बसेडा, पुरकाजी आदि स्थानों पर रोड होल्डअप की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। बदमाशों से बरामद कार दिल्ली से चोरी की गई थी जबकि मोटर साइकिल को मंगलौर से चोरी होना बताया गया है। एसएसपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 2500 और डीआईजी गढ़वाल द्वारा 5000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
आठ आरोपी फंदे में
पकडे़ गए बदमाश पप्पू उर्फ लईक ग्राम पलड़ा थाना शाहपुर मुजफ्फ रनगर हाल निवास कस्बा लोनी गाजियाबाद, सोमवीर ग्राम हसनपुर थाना झज्जर हरियाणा हाल निवास रामधाम कालोनी थाना रानीपुर हरिद्वार, रजत शर्मा रामधाम कालोनी थाना रानीपुर, इकराम खाईखेड़ा थाना ककरोली, मुजफ्फ रनगर, सुनील, विकास उर्फ विक्की उर्फ धोनी, अनुज, संजीव और कपिल सभी निवासी कस्बा करनावल थाना सरूरपुर मेरठ हैं।
पेड़ सड़क पर डालकर करते हैं वारदात
मंगलौर। पकडे़ गये बदमाश यूपी और दिल्ली में कई घटनाओं को अजांम दे चुके हैं। पुलिस इन बदमाशों की कुंडली खंगालने में जुट गई है। पुलिस ने जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, उनमें से इकराम, विक्की और कपिल ने तीन वर्ष पुर्व मुजफ्फरनगर के ककरोली थाना क्षेत्र में रोड होल्डअप कर बस लूट की घटना को अजंाम देने की बात कबूली है। इसके अलावा बदमाशों ने दिल्ली से एक वेगनआर चोरी में भी हाथ होने की जानकारी दी है। पुलिस की मानें तो ये बदमाश घटना को अंजाम देने से पहले उस क्षेत्र की खूब रेकी कर लेते थे। इसके बाद सड़क पर झुके पेड़ को काटकर मार्ग अवरुद्ध कर वारदात करते थे। पुलिस के मुताबिक इन बदमाशों ने देवबंद क्षेत्र के पशु व्यापारी से एक लाख रुपये भी लूटे थे। जिन क्षेत्रों में बदमाशों ने घटनाओं को अजांम दिया है वहां कि पुलिस अब मंगलौर कोतवाली पहुच रही है। गिरोह का सरगनाह इकराम बताया जा रहा है तथा पप्पू और नसीम उसके गिरोह में खास अहमियत रखते हैं।