अंडरवर्ल्ड से जुड़े बदमाश प्रकाश पांडे (पीपी) को अल्मोड़ा जेल में रखने के लिए जिले के अधिकारियों का दबाव बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने भी डीआईजी से पीपी को अल्मोड़ा में ही रोकने का अनुरोध किया है। डीआईजी ने इस संबंध में सोमवार को निर्णय लेने को कहा है।
डीआईजी पीएस सैलाल और एसएसपी की रिपोर्ट पर ही नैनीताल के डीएम दीपक रावत ने प्रकाश पांडे (पीपी) उर्फ बंटी को नैनीताल से अल्मोड़ा जेल भेजने के निर्देश दिए थे। आदेश के तहत नैनीताल पुलिस ने अभियुक्त पीपी पांडे को शनिवार को अल्मोड़ा जेल में भेज दिया था। अल्मोड़ा के डीएम ने अपने एसएसपी की रिपोर्ट पर पीपी को नैनीताल वापस करने के लिए नैनीताल के एसएसपी को पत्र जारी किया।
इस पर एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने डीआईजी से अनुरोध कर बताया कि पीपी का नैनीताल में काफी बड़ा नेटवर्क है। पीपी का साथी भी नैनीताल जेल में बंद है। इस कारण उसे अल्मोड़ा रखना ही ठीक होगा। इस बारे में डीआईजी पीएस सैलाल का कहना है कि उनके पास अभी यह मामला आया नहीं है।
सोमवार को वह इस मामले में निर्णय लेंगे। मजेदार बात यह है कि पहले डीआईजी की रिपोर्ट पर ही उसे अल्मोड़ा भेजा गया था। सवाल यह उठ रहा है कि क्या डीआईजी अपने निर्णय को बदलेंगे। इधर, डीएम दीपक रावत भी पीपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसे नैनीताल जेल में रखने के पक्ष में नहीं हैं।