पौड़ी। वनस्थली विद्यापीठ में टॉप कर निधि चिटकारिया ने शास्त्रीय संगीत में गोल्ड मेडल हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पौड़ी निवासी ललित चिटकारिया की पुत्री निधि चिटकारिया ने भातखंडे महाविद्यालय से शास्त्रीय संगीत का सफर शुरू किया। वनस्थली विद्यापीठ में स्नात्कोत्तर की परीक्षा में टॉप कर उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया है। वनस्थली में इनफोसिस के के. नारायण मूर्ति ने उन्हें यह मेडल दिया। निधि की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। संगीत को साधना मानने वाली निधि कहती हैं कि कड़ी मेहनत से ही किसी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। यह प्रतिभा अपनी लगन के बूते जापान की दर्शनम संस्था की स्कालरशिप भी हासिल कर चुकी है। शास्त्रीय संगीत में करियर के सवाल पर निधि ने कहा कि शिक्षण के क्षेत्र में भी कई संभावनाएं हैं लेकिन उसका लक्ष्य स्टेज की प्रतिभा बनना है। फिलहाल वह गढ़वाल की रामलीला का सांगीतिक अध्ययन पर रिसर्च की तैयारी कर रही हैं।
और पढ़ें