पिथौरागढ़। भले ही प्रदेश सरकार रिटेल सेक्टर में एफडीआई (प्रत्यक्ष विदेशी निवेश) से खुश है, मगर लोगों में इसे लेकर नाराजगी बढ़ रही है। रविवार को यहां हिंदू जागरण मंच (हिंजामं) ने एफडीआई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। गांधी चौक में केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया। साथ ही इस निर्णय को वापस नहीं लिए जाने पर जोरदार आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
हिंजामं ने केंद्र सरकार की रिटेल में एफडीआई की नीति को देश को गुलामी की ओर ढकेलने वाला बताया। मंच के जिला उपाध्यक्ष सोनम पांडेय ने कहा कि किसान से लेकर उपभोक्ता को लाभ तो दूर उल्टा इससे खुदरा कारोबार से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी। कहा गया कि इसके चलते केरल की कांग्रेस सरकार ने इसे अपने राज्य में लागू नहीं करने का निर्णय लिया है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने यूएसए के प्रभाव में आकर देश विरोधी नीति को लागू किया है।
साथ ही हिंजामं ने डीजल के दाम में पांच रुपये प्रति लीटर की वृद्धि एवं एलपीजी रसोई गैस में सालभर में मात्र छह सिलेंडरों में सब्सिडी देने के फैसले को आम लोगों पर कुठाराघात बताया। चेतावनी दी गई कि जल्द ही इन निर्णयों को वापस न लिया गया तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। विरोध-प्रदर्शन में गोविंद भट्ट, डा. मनोज जोशी, रोहित बिष्ट, महेश जोशी, देवेंद्र पाठक, पंकज, शमशेर महर, जीडी जोशी आदि शामिल थे।