पिथौरागढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के राष्ट्रीय सरसंघ चालक मोहन भागवत के बयान से वामपंथी संगठनों में गहरी नाराजगी है। विरोध में इंकलाबी नौजवान सभा (इंनौस) और अखिल भारतीय छात्र संगठन (आइसा) ने यहां प्रदर्शन किया। तथा आरएसएस प्रमुख का पुतला फूंका।
यहां गांधी चौक में इंनौस के जिला प्रमुख सुशील खत्री के नेतृत्व में वामपंथी संगठनों ने आरएसएस प्रमुख का पुतला फूंका। कहा कि यह बयान महिलाओं के प्रति संघ के दोयम दर्जे की मानसिकता को प्रदर्शित करता है। आरएसएस प्रमुख ने दुष्कर्म जैसी घटनाओं के लिए कहा था कि ऐसी घटनाएं भारत में नहीं होती। पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित इंडिया में होती है। प्रदर्शनकारियों ने मप्र के मंत्री कैलाश विजयवर्गीज के लक्ष्मण रेखा की सीख देने वाले बयान की भी निंदा की। वक्ताओं ने महिलाओं पर हो रही ज्यादाती को रोकने के बजाय इस तरह के बयान बेहद घटिया बताया। विरोध-प्रदर्शन में पवन कुमार, आशीष भट्ट, हरीश महरा, हिमांशु जोशी, पारस कार्की, राजेश कुमार, कमान सिंह आदि शामिल थे।