पिथौरागढ़/ डीडीहाट/ गंगोलीहाट/ चंपावत/ लोहाघाट/ टनकपुर। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स ने मानदेय बढ़ोत्तरी सहित विभिन्न समस्याओं की मांग को लेकर काले फीते बांधकर प्रदर्शन किया। साथ ही बागेश्वर की संगीता हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग भी की गई। कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर दिशा में शीघ्र कार्यवाही नहीं होने पर आगे भी आंदोलन की चेतावनी दी है।
यूनियन की जिलाध्यक्ष हेमलता सौन के नेतृत्व में कलक्ट्रेट परिसर में कार्यकत्रियों ने दो वर्षों से राज्य प्रोत्साहन राशि की धनराशि नहीं मिलने पर रोष जताया। इस मौके पर दीपावली का बोनस देने, आशा वर्कर्स का दस लाख रुपये का बीमा करने, आशा वर्कर्स को आर्थिक सुरक्षा देने, प्रत्येक आशा कार्यकर्ती को प्रतिमाह 13 हजार रुपये का मानदेय देने, बागेश्वर जिले के मंडलसेरा गांव में शराब विरोधी आंदोलन चला रही संगीता मलड़ा हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग जोरदार ढंग से उठाई। प्रदर्शन करने वालों में लीला जोशी, विमला खड़ायत, नंदा देवी, कमला चंद, माधवी वल्दिया, मंजू बोरा, मालती चंद, बसंती, माया महर, शांति देवी, आरती, गोमती बिष्ट आदि मौजूद थी।
गंगोलीहाट में हुए प्रदर्शन में उमा मेहरा, चंपा मेहरा, कमला बिष्ट, गीता देवी, सुनीता बोरा, पुष्पा देवी, रीता कोठारी, गंगा देवी आदि मौजूद थी। डीडीहाट में निर्मला देवी, चंपा जोशी, इंद्रा देउपा, हेमा कुंवर, मीना कुंवर, हेमलता, प्रेमा खड़ायत, भागीरथी देवी, देवकी जोशी, नंदी चौहान, ज्योति पुनेठा ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
चंपावत में आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन के बैनर तले आशाओं ने पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में जुलूस निकाला, प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा गया।
लोहाघाट में जिलाध्यक्ष सरस्वती पुनेठा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बागेश्वर में शराब माफियाओं के आतंक से मारी गई संगीता के मौत के कारणों की सीबीसीआईडी से जांच कराने आदि मांगों को लेकर सीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन देने वालों में रेखा, हेमा, रीना, मंजू, ममता, पदमा, चंपा, माला, बानो आदि शामिल थे। पाटी में ब्लाक अध्यक्ष ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में माया जोशी, तुलसी, बसंती, माया बिष्ट, धनी देवी ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया।
टनकपुर में भी पांच सूत्री मांगों को लेकर आशा वर्करों ने काले फीते बांधकर तहसील कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर यूनियन के बैनर तले हुए प्रदर्शन में यूनियन की अध्यक्षा मीरा कश्यप, लीला ठाकुर, दुर्गा देउपा, आशा धामी, दीपा जोशी, कमला चंद, गीता कश्यप, निर्मला शर्मा, बबीता महर आदि शामिल थीं।