टनकपुर। एक माह से सरकारी ट्यूबवेल की खराब पड़ी मोटर को ठीक न किए जाने से भड़की भजनपुर की महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी जेएस राठौर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शीघ्र मोटर ठीक न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बनबसा के भजनपुर ग्राम स्थित सरकारी ट्यूबवेल की मोटर एक माह से खराब पड़ी है। मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि विभाग को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत दर्ज कराई, किंतु एक माह बीतने के बावजूद अभी तक नलकूप विभाग द्वारा मोटर की मरम्मत नहीं की गई है। मानसूनी बरसात न होने और खराब ट्यूबवेल के चलते धान की रोपाई में किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र ट्यूबवेल की मोटर सुधारने और सिंचाई गूल में चेक वाल्व लगाए जाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रेमा पांडेय, महेश्वरी पांडेय, सुशीला पुनेड़ा, कलावती चंद, कुंती चंद, गीता चंद, हरू देवी, कलावती देवी, विमला चंद, तुलसी, भागीरथी, पुष्पा, सीता, गीता आदि शामिल थे।