ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। ठगों के लिए कौन बनेगा करोड़पति ठगी का जरिया बन गया है। रुपयों के लालच में एक युवक का मोबाइल फोन हैकर्स का शिकार हो गया है। हालत ये है कि कई दिनों से बेतहाशा आ रही अजनबी कॉल और मैसेज ने जीना दुश्वार कर दिया है। शनिवार को सुनील कुमार सिन्हा पुत्र साधु शरण प्रसाद निवासी 34 रेलवे रोड ऋषिकेश ने कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि उनके वॉट्सएप नंबर पर एक जनवरी को एक संदेश आया। इसमें लिखा था कि कौन बनेगा करोड़पति में आपकी 25 लाख रुपये की लॉटरी लगी है। संदेश में एक अन्य मोबाइल नंबर भी दिया गया था, जिसमें लिखा था कि लॉटरी की रकम प्राप्त करने के लिए इस नंबर पर संपर्क करें।
वह झांसे में आ गए और उक्त मोबाइल नंबर पर फोन किया तो अज्ञात शख्स ने उनसे कहा कि एक ओटीपी नंबर उनके मोबाइल में आएगा। जिसे बताना होगा। युवक के कहने पर सुनील कुमार सिन्हा ने ओटीपी नंबर बता दिया। सुनील सिन्हा ने बताया कि इसके बाद उनका वॉट्सएप बंद हो गया, जिसे उन्होंने वॉट्सएप सपोर्ट अधिकारी को मेल कर खुलवाया। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्हें अलग-अलग राज्यों से फोन आने शुरू हो गए। वह सभी उनसे कौन बनेगा करोड़पति के संबंध में पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही उनके नंबर से उन लोगों को मैसेज आने की बात भी कर रहे थे। सुनील कुमार ने पुलिस को इस मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।